Varanasi के दालमंडी इलाके में चल रहे चौड़ीकरण और सौंदरीकरण प्रोजेक्ट को लेकर प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। काशी विश्वनाथ मंदिर तक सुगम मार्ग तैयार करने की योजना के तहत अब 180 से अधिक मकानों और दुकानों के साथ 6 मस्जिदें भी परियोजना की जद में आ गई हैं।
प्रशासन की ओर से संबंधित पक्षों को 31 मई तक स्थल खाली करने का समय दिया गया है। इस परियोजना को शहर के महत्वपूर्ण विकास कार्यों में शामिल माना जा रहा है।
अब तक 100 से ज्यादा मकान किए गए ध्वस्त
जानकारी के मुताबिक PWD, नगर निगम और जिला प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में अब तक 105 से अधिक मकानों को ध्वस्त किया जा चुका है। प्रशासन अब चिन्हित धार्मिक स्थलों को लेकर मस्जिद कमेटियों और मुतवल्लियों से बातचीत कर रहा है।
अधिकारियों का दावा है कि बातचीत सकारात्मक माहौल में चल रही है और अगले कुछ दिनों में इसका समाधान निकाल लिया जाएगा।
चौड़ीकरण की जद में आईं ये 6 मस्जिदें
दालमंडी बाजार से जुड़े चौड़ीकरण और सौंदरीकरण प्रोजेक्ट के तहत जिन मस्जिदों को चिन्हित किया गया है उनमें लंगड़ा हाफिज मस्जिद, करीमुल्ला बेग मस्जिद, संगमरमर वाली मस्जिद, निसारन मस्जिद, अली रजा मस्जिद और रंगीले शाह मस्जिद शामिल हैं।
प्रशासन अब इन धार्मिक स्थलों के विस्थापन को लेकर संबंधित कमेटियों के साथ चर्चा कर रहा है।
पहले भी हो चुका है विरोध प्रदर्शन
इससे पहले मकानों और दुकानों के ध्वस्तीकरण को लेकर स्थानीय व्यापारियों और दुकानदारों ने विरोध जताया था। अब मस्जिदों के विस्थापन को लेकर प्रशासन किस तरह सहमति बनाता है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
स्थानीय स्तर पर इस मुद्दे को संवेदनशील माना जा रहा है, इसलिए प्रशासन बातचीत के जरिए समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है।
31 अगस्त तक पूरा होगा प्रोजेक्ट
जिला प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई है कि इन 6 मस्जिदों को 31 मई तक खाली कराने की तैयारी है। साथ ही पूरे प्रोजेक्ट को 31 अगस्त तक पूरा कर हैंडओवर करने का लक्ष्य रखा गया है।
अधिकारियों का कहना है कि सभी पक्षों से बातचीत जारी है और प्रक्रिया को शांतिपूर्ण तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।














