पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के एग्जिट पोल सामने आने के बाद मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। गुरुवार (30 अप्रैल, 2026) को उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए राज्य में अपनी पार्टी की जीत का दावा किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा, ‘230 सीटों पर टीएमसी की बढ़त होगी. हम मातृभूमि और जनमानस की सरकार बनाने जा रहे हैं. जय बंगला!’
वीडियो संदेश में ममता बनर्जी ने जनता का आभार जताते हुए कहा, ‘नमस्कार! बंगाल की धरती और यहां के लोगों को मेरा प्रणाम, सलाम, जोहार और जय जिरेन. आप सभी अच्छे रहें, स्वस्थ रहें- हम आपके बहुत आभारी हैं. इतनी गर्मी, इतनी मुश्किलों और अत्याचारों के बावजूद आपने जिस तरह लाइन में खड़े होकर वोट दिया, उसके लिए हम आपके कृतज्ञ हैं.’
बीजेपी और एजेंसियों पर लगाए गंभीर आरोप
ममता बनर्जी ने चुनाव के दौरान केंद्र सरकार और बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, ‘मैं अपने कार्यकर्ताओं का भी दिल से धन्यवाद करती हूं, जिन्होंने जान की बाजी लगाकर संघर्ष किया, अत्याचार सहे- सेंट्रल फोर्स और स्थानीय फोर्स के संयुक्त दबाव के बावजूद डटे रहे. भारत सरकार की पूरी मशीनरी- प्रधानमंत्री, गृह मंत्री से लेकर 19 राज्यों के बीजेपी नेताओं तक- पैसे, ताकत और हथियारों के सहारे बंगाल के लोगों को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन जनता ने जवाब वोट बॉक्स में दे दिया.’
उन्होंने एग्जिट पोल को साजिश बताते हुए कहा, ‘मैं आपको भरोसा दिलाना चाहती हूं कि टीवी पर जो दिखाया जा रहा है, वह बीजेपी दफ्तर से जारी एक साजिश है. मेरे पास स्पष्ट जानकारी है कि पैसे देकर यह नैरेटिव फैलाया गया है. असलियत यह है कि हम 200-300 सीटों तक जा सकते हैं, 2026 में 226 पार करेंगे. मुझे जनता के फैसले पर पूरा भरोसा है.’
हिंसा और दबाव के आरोपों पर प्रतिक्रिया
चुनाव के दौरान हिंसा और दबाव के मुद्दे पर भी ममता बनर्जी ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, ‘बीजेपी ने एजेंसियों- ED, CBI, इनकम टैक्स का इस्तेमाल किया, सेंट्रल फोर्स का दुरुपयोग किया. कई जगह महिलाओं, बच्चों और कार्यकर्ताओं पर अत्याचार हुआ. उदयनारायणपुर में जो व्यक्ति वोट देने गया और मारा गया, उसके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है- हम उनके साथ हैं.’
उन्होंने आगे कहा, ‘कई जगह हमारे कार्यकर्ताओं और पत्रकारों को भी मारा गया. भवानीपुर में, चक्रबेड़िया में, महिलाओं और बच्चों तक को नहीं छोड़ा गया. कई लोगों को जानबूझकर गिरफ्तार किया गया ताकि वे एजेंट के रूप में काम न कर सकें. भाटपाड़ा, जगतदल, नोआपाड़ा जैसे कई इलाकों में यही हुआ.’
“मैं दो रातों से सोई नहीं हूं…”—ममता बनर्जी
एग्जिट पोल के बाद अपनी चिंता जाहिर करते हुए ममता बनर्जी ने कहा, ‘मैं दो रातों से सोई नहीं हूं. लगातार रेड हुई हैं, लेकिन मैं आपसे कहना चाहती हूं- यह बीजेपी की साजिश है. वे जनता का हक नहीं छीन पाए, इसलिए अब आखिरी खेल मीडिया के जरिए खेल रहे हैं, ताकि लोगों और कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटे. मैं साफ कहना चाहती हूं- 2016 और 2021 में भी ऐसा हुआ था. एग्जिट पोल हमेशा बीजेपी के मुताबिक दिखाए गए. आज देश में निष्पक्षता खत्म हो चुकी है.’
काउंटिंग से पहले कार्यकर्ताओं को सख्त निर्देश
ममता बनर्जी ने अपने कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों को काउंटिंग तक सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट कहा, ‘मैं सभी कार्यकर्ताओं और उम्मीदवारों से अपील करती हूं- काउंटिंग तक सतर्क रहें. 294 सीटों पर हर उम्मीदवार खुद निगरानी करे. दिन में कार्यकर्ता रहें, रात में उम्मीदवार खुद पहरा दें.’
उन्होंने आगे चेतावनी देते हुए कहा, ‘जब EVM मशीनों को स्टोर से काउंटिंग हॉल तक ले जाया जाएगा, तब गड़बड़ी की संभावना रहती है- इसलिए पूरी नजर रखें. काउंटिंग टेबल से लेकर कंप्यूटर अपलोड तक सतर्क रहें, क्योंकि वहां भी बदलाव की कोशिश हो सकती है.’
एग्जिट पोल के आंकड़ों ने बढ़ाई टेंशन
बुधवार (29 अप्रैल, 2026) को दूसरे और अंतिम चरण के मतदान के बाद जारी एग्जिट पोल में अधिकांश सर्वे में बीजेपी को बढ़त दिखाई गई है। कई सर्वे में बीजेपी को बहुमत के आंकड़े 148 से ऊपर जाते हुए दिखाया गया है, जबकि कुछ एग्जिट पोल में टीएमसी की वापसी का अनुमान भी जताया गया है।
‘पोल डायरी’ सर्वे के अनुसार बीजेपी 142 से 171 सीटों के साथ सत्ता में आ सकती है, जबकि टीएमसी 99 से 127 सीटों तक सिमट सकती है। वहीं, मैट्रिज और पी-मार्क जैसे एग्जिट पोल भी बीजेपी को बढ़त देते नजर आए। हालांकि, पीपुल्स पल्स और जनमत पोल्स ने टीएमसी की जीत का अनुमान जताया है, जिसमें पार्टी को 177 से 205 सीटों तक मिल सकती हैं।
अब सभी की नजर 4 मई 2026 को होने वाली मतगणना पर टिकी है, जब यह साफ हो जाएगा कि पश्चिम बंगाल की सत्ता किसके हाथ में जाएगी।














