उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इसी दौरान श्रावस्ती से आई एक महिला ने अपने गंभीर रूप से बीमार बच्चे के इलाज के लिए मदद की गुहार लगाई। बच्चे की हालत देखकर मुख्यमंत्री भावुक हो गए।
“बच्चे के इलाज में नहीं आने देंगे बाधा”
महिला से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने आयुष्मान कार्ड के बारे में पूछा। जब महिला ने बताया कि उसका कार्ड नहीं बना है, तो सीएम ने तुरंत आश्वासन दिया, “घबराइए मत, बच्चे के इलाज में कोई भी बाधा नहीं आने देंगे. आयुष्मान कार्ड बनवाएंगे और विवेकाधीन कोष से भी बच्चे के इलाज में आर्थिक सहायता देंगे.”
अधिकारियों को तुरंत दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने महिला का प्रार्थना पत्र लेकर मौके पर मौजूद अधिकारियों को सौंपा और निर्देश दिया कि इसे श्रावस्ती के जिलाधिकारी को भेजकर जल्द से जल्द आयुष्मान कार्ड बनवाया जाए। साथ ही इलाज का खर्च का अनुमान तैयार कर शासन को भेजने को भी कहा गया।
करीब 200 लोगों की सुनीं समस्याएं
जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लगभग 200 लोगों से मुलाकात की। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने बैठे लोगों के पास जाकर उन्होंने एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए।
“समस्याओं का समयबद्ध समाधान जरूरी”
सीएम योगी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतोषजनक होना चाहिए। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर समस्या पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
अपराधियों और माफिया पर सख्ती के निर्देश
जनता दर्शन में जमीन कब्जा और अपराध से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान कुछ महिलाएं अपने बच्चों के साथ आई थीं, जिनसे मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक मुलाकात की और बच्चों को चॉकलेट देकर आशीर्वाद भी दिया।















