पश्चिम बंगाल में शनिवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के रोड शो के दौरान जबरदस्त जनसमर्थन देखने को मिला। बांकुड़ा की सड़कों पर लोगों का उत्साह चरम पर नजर आया और ‘बुलडोजर बाबा’ के स्वागत में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जैसे ही सीएम योगी वहां पहुंचे, पूरा इलाका नारों से गूंज उठा— ‘देखो-देखो, कौन आया, शेर आया-शेर आया. योगी जी सुस्वागतम!’ जनता के इस उत्साह ने राजनीतिक माहौल को और गरमा दिया।
‘जय श्रीराम’ के नारों के बीच भाजपा प्रत्याशी के लिए समर्थन
रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बांकुड़ा विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी नीलाद्रि शेखर दाना के समर्थन में लोगों से वोट की अपील की। इस दौरान सड़कों पर ‘एक ही नारा-एक ही नाम, जय श्रीराम-जय श्रीराम, हर-हर महादेव’ के नारे गूंजते रहे। भीड़ ने भरोसा जताया कि आगामी चुनाव में इस क्षेत्र में भाजपा का कमल खिलेगा।
जनता की आवाज: ‘4 मई, दीदी गई’
रोड शो के दौरान जगह-जगह से लोगों की आवाजें सुनाई दीं— ‘4 मई, ‘दीदी’ गई. अंधकार छंटेगा-कमल खिलेगा.’ भगवा पगड़ी पहने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की एक झलक पाने के लिए सड़कों के दोनों ओर भारी भीड़ जमा रही। उन्होंने भी हाथ हिलाकर और हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन किया।
महिलाएं और बच्चे भी दिखे उत्साहित
सीएम योगी को देखने के लिए महिलाएं और बच्चे भी घरों की छतों पर खड़े नजर आए। जैसे ही उनका काफिला गुजरा, लोगों ने हाथ जोड़कर उनका स्वागत किया। कई लोग अपने मोबाइल फोन से इस पूरे रोड शो को रिकॉर्ड करते दिखाई दिए।
‘टीएमसी मुक्तो बांग्ला’ का दिया नारा
रोड शो के समापन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता को संबोधित करते हुए कहा, “आमार सोनार बांग्ला, अब टीएमसी मुक्तो बांग्ला (हमारा सोने जैसा बंगाल, अब टीएमसी मुक्त बंगाल). समूचे बंगाल का उत्साह बता रहा है कि 4 मई को बंगाल में भाजपा का कमल खिलेगा. बंगाल भारत की कल्चरल कैपिटल के रूप में जानी जाती है, लेकिन कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस व कम्युनिस्टों ने इस पहचान को मिटाया है.”
उन्होंने भाजपा की परिभाषा बताते हुए कहा कि पार्टी का मतलब है— सुरक्षा, युवाओं को रोजगार, किसानों को उचित मूल्य, महिलाओं की सुरक्षा, सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण और विकास के लिए डबल इंजन की रफ्तार।














