UP News: बिहार विधानसभा चुनाव में जारी मतदान के बीच समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अब तो सत्ताधारियों ने “पीडीए” की जान भी लेनी शुरू कर दी है।
अखिलेश यादव ने कहा, “पीडीए की मौत होना जिनके लिए ‘छुटपुट घटना’ हो, उनके राज में शासन-प्रशासन से कोई उम्मीद करना बेकार है। अगर अत्याचार और उत्पीड़न से बचना है, तो अपनी सरकार बनाना ही एकमात्र विकल्प है। हमें अपना वोट बचाना है और एकजुट होकर डालना है क्योंकि एकजुटता ही हमारी ढाल है।”
गाँव-गाँव तक पहुँचाएंगे पीडीए का संदेश
सपा मुखिया ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) के संदेश को हर गाँव, पुरवा, मजरा, टोला, गली, नुक्कड़ और घर तक पहुँचाएं। उन्होंने कहा कि पीडीए पंचायत के ज़रिए सभी को जोड़ना होगा ताकि हर स्तर पर एकजुटता का माहौल बने।
बोले – हमारी सरकार बनी तो खत्म होगा अत्याचार
अखिलेश यादव ने कहा कि जब पीडीए की सरकार बनेगी, तभी मान, सम्मान, संविधान और वोट का अधिकार बचेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सपा सरकार में न तो पुलिस का अत्याचार होगा, न भ्रष्टाचार। राशन, पेंशन और खेत-जमीन के कागजों से किसी का नाम नहीं कटेगा।
‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ का किया ऐलान
महिलाओं के लिए अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार में “स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना” चलाई जाएगी, जिसके तहत हर महीने महिलाओं के खातों में सीधे पैसे भेजे जाएंगे। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए पूरा अवसर मिलेगा।
युवाओं को मिलेगा रोजगार, खत्म होगी अग्निवीर योजना
सपा प्रमुख ने युवाओं को रोजगार देने का वादा किया। उन्होंने कहा, “अग्निवीर योजना समाप्त की जाएगी और युवाओं के लिए फिर से नियमित भर्तियाँ निकाली जाएंगी। स्टार्टअप और हुनर के लिए पूरी सहायता दी जाएगी।”
‘सबको मेहनत की सही मजदूरी मिलेगी’
उन्होंने कहा कि सपा सरकार आने पर हर मेहनतकश को उसकी मेहनत का पूरा मूल्य मिलेगा। बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में घर तक एंबुलेंस पहुंचेगी और हर जरूरतमंद को मुफ़्त इलाज और दवाइयाँ मिलेंगी।
‘बिना भेदभाव के अमन-चैन से रहेंगे सभी’
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार में बुजुर्गों को उनकी बचत पर सही ब्याज मिलेगा, शिक्षकों और आशा वर्करों को उनका हक़, खिलाड़ियों और कलाकारों को सम्मान और बुनकरों को सुरक्षा का माहौल मिलेगा।
अंत में उन्होंने जनता से अपील की, “ठान लीजिए — जो भी पीड़ित है, वही पीडीए है। हमें पीडीए की एकजुटता की ताकत हर घर तक पहुँचानी है, ताकि अत्याचार और शोषण से मुक्ति मिल सके और हर व्यक्ति सम्मान के साथ जी सके।”














