प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के बालोतरा दौरे के दौरान राज्य को हजारों करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का उद्घाटन किया और रिफाइनरी से जुड़े प्रोडक्शन टैंकरों को हरी झंडी दिखाई। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने वैश्विक तेल संकट, भारत की ऊर्जा सुरक्षा और केंद्र सरकार की विकास नीति पर भी विस्तार से बात की।
ग्रीनफील्ड रिफाइनरी परियोजना का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बालोतरा स्थित ग्रीनफील्ड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स में रिफाइनरी प्रोडक्शन टैंकरों को रवाना किया। यह परियोजना हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और राजस्थान सरकार का संयुक्त उपक्रम (Joint Venture) है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में चयनित लगभग 54 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए। इसके अलावा उन्होंने जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन और जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का शिलान्यास भी किया।
वैश्विक तेल संकट और LPG सप्लाई पर क्या बोले पीएम मोदी?
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि युद्ध के कारण दुनिया में तेल संकट पैदा हुआ, लेकिन भारत में ईंधन की कोई कमी नहीं होने दी गई।
उन्होंने कहा, “हमने LPG संकट का 7 दिन में निकाला समाधान.”
प्रधानमंत्री ने कहा कि वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिला और कई देशों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 40 से 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हुई। इसके बावजूद भारत ने ऊर्जा आपूर्ति को सुचारु बनाए रखा।
‘बीजेपी सरकार सिर्फ शिलान्यास नहीं करती, परियोजनाएं पूरी भी करती है’
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि बीजेपी सरकार केवल परियोजनाओं का शिलान्यास करके उन्हें अधूरा नहीं छोड़ती, बल्कि समय पर पूरा करने के लिए लगातार काम करती है।
उन्होंने कहा, “आज का दिन इस बात का गवाह है कि बीजेपी सरकारें सिर्फ शिलान्यास करके ही प्रोजेक्ट्स को नहीं छोड़तीं, बल्कि उन्हें पूरा करने के लिए दिन-रात काम करती हैं.”
उन्होंने आगे कहा कि “चुनौती चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हो. नया भारत अपने संकल्पों से पीछे नहीं हटता और न ही अपनी स्पीड धीमी करता है. भारत इसे करके दिखाता है.”
गुजरात और राजस्थान के बीच पानी साझा करने का किया जिक्र
अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात और राजस्थान के बीच नर्मदा जल साझा करने के फैसले का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब राजस्थान में पानी की जरूरत बढ़ी, तब लोगों के मन में यह सवाल था कि गुजरात नर्मदा का पानी देगा या नहीं।
उन्होंने कहा, “उस समय मैं गुजरात में मुख्यमंत्री था और यहां बहन वसुंधरा जी मुख्यमंत्री थी. हम दोनों ने बिना कोई संघर्ष गुजरात से नर्मदा का पानी साझा किया.”
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि वर्तमान में राजस्थान और हरियाणा दोनों राज्यों में बीजेपी की सरकार है और पहली बार आपसी सहमति से कई लंबित मुद्दों का समाधान निकाला गया है। उन्होंने बताया कि दोनों राज्य मिलकर शेखावाटी क्षेत्र तक पानी पहुंचाने की दिशा में भी काम कर रहे हैं।















