बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से ठीक पहले, प्रचार के आखिरी दिन नेताओं के बीच जुबानी जंग अपने चरम पर पहुंच गई है। बीजेपी नेताओं द्वारा राहुल गांधी की पंचमढ़ी जंगल सफारी और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के बुर्के वाले बयान पर मचे बवाल के बाद, कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कड़ा पलटवार किया है। अल्वी ने एक चौंकाने वाला बयान देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना पाकिस्तानी सेना के पूर्व कमांडर-इन-चीफ अयूब खान से कर दी।
अल्वी ने निशाना साधते हुए कहा कि, प्रधानमंत्री हर महीने ‘मन की बात’ करते हैं, तो उन्होंने ये किससे सीखा, क्योंकि “पूरी दुनिया में अकेला अयूब खान था जो हर महीने मां की बात करता था। मुझे लगता है मोदी जी ने अयूब खान से मन की बात करना भी सीखा है।”
पुलवामा का ज़िक्र कर बीजेपी को घेरा
राहुल गांधी की जंगल सफारी पर बीजेपी द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए राशिद अल्वी ने पुलवामा हमले का ज़िक्र किया। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा, “जहां तक जंगल सफारी का ताल्लुक है इलेक्शन का आज आखिरी दिन है क्या भारतीय जनता पार्टी भूल गई है। 14 फरवरी 2019 को हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कॉर्बेट पार्क के अंदर जो सेलिब्रेट कर रहे थे और बोट में बैठकर मजे कर रहे थे, जबकि पुलवामा के अंदर हमारे सीआरपीएफ की 40 जवान शहीद हो गए थे।”
अल्वी ने आगे कहा कि बीजेपी इस बात को कैसे भूल गई कि उन्हीं के गवर्नर सतपाल मलिक ने कहा था कि प्रधानमंत्री और अजीत डोभाल ने उन्हें “खामोश रहने” और “पाकिस्तान पर इल्जाम लगाने” के लिए कहा था। उन्होंने सवाल किया कि, “आज तक इन्वेस्टिगेट नहीं किया गया। पता नहीं चला कौन जिम्मेदार था। क्या है बीजेपी का पास इस बात का जवाब? बीजेपी को पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।”
गिरिराज सिंह के बुर्के वाले बयान पर करारा पलटवार
बुर्के की आड़ में बोगस वोटिंग वाले गिरिराज सिंह के बयान पर अल्वी ने तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि गिरिराज “इस काबिल नहीं है कि उनकी बातों का जवाब दिया जाए। जलालत का कोई जवाब नहीं होता।” उन्होंने बीजेपी नेताओं की योग्यता पर भी सवाल उठाए और कहा, “मुझे ताजुब होता है बीजेपी के पास क्या कोई अच्छे पढ़े-लिखे लोग नहीं है जो अच्छी बातें कर सके। ऐसे लोगों को क्यों मंत्री बना रखा है…”
अल्वी ने गिरिराज सिंह पर तंज कसते हुए कहा, “सारे हिंदुस्तान के मुसलमान नमक हराम है क्योंकि भारत सरकार की स्कीम का फायदा उठा रहे हैं तो आप वापस ले लो ना। आप कह दो सिर्फ हिंदुओं को फायदा पहुंचेगा मुसलमान को फायदा नहीं होगा। हिम्मत है तो करके देखो वरना इस तरीके के बयान मत दो।”
बुर्का बनाम घूंघट का हवाला
कांग्रेस नेता ने बुर्का उठाने वाले बयान पर ग्रामीण संस्कृति का हवाला दिया। उन्होंने कहा, “उन्हें एहसास नहीं है कि हमारे गांव के अंदर हिंदू बहनें भी इतना बड़ा घूंघट निकालकर पर्दा करती हैं, लेकिन जब वह आधार कार्ड बनवाने जाती है तो उन्हें भी घुंघट उठाना पड़ता है। वह किसी के सामने घूंघट नहीं उठाती।”
उन्होंने बीजेपी को अमेरिका के लोकतंत्र से सबक लेने की सलाह दी और कहा, “तुम समझते हो यह पाकिस्तान है और शरीयत का हुक्म है तो तुम्हारी सरकार है जो चाहे वह करो लेकिन मैं गिरिराज और बीजेपी के नेताओं से कहूंगा अमेरिकी डेमोक्रेसी से सबक हासिल करो। वह कॉम्पिटेंट लोगों को चुनते हैं हिंदू मुसलमान नहीं करते।”
‘बीजेपी के पास मुसलमान, पाकिस्तान के अलावा कोई बात नहीं’
रमेश बिधूड़ी के बयान के संदर्भ में, राशिद अल्वी ने बीजेपी की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा, “बीजेपी के नेताओं के पास मुसलमान, पाकिस्तान, यूनिफॉर्म सिविल कोड, तीन तलाक इन सबके अलावा कोई बात ही नहीं है।”
उन्होंने आखिर में चेतावनी देते हुए कहा, “वह समझते हैं किस तरीके की बातें करके वह हिंदू कम्युनिटी को खुश कर देंगे, लेकिन वह वक्त गुजर गया है अब बिहार की जनता इनको इन बातों का जवाब देगी… जिनके घर शीशे के होते हैं वह दूसरों पर पत्थर नहीं मारा करते।”














